Wednesday, May 23, 2012

लगाएं मन पर लगाम

मन की दो सर्वज्ञात विशेषताएं हैं- चंचलता एवं सुख लिप्सा। बंदर जैसी उछल-कूद, आवारा छोकरों जैसी मटरगश्ती, चिड़ियों की तरह यहां-वहां फुदकते फिरना, उसकी चपलवृत्ति को संतुष्टि पहुंचाते हैं। कल्पना के महलों की सृष्टि, कल्पना लोकों का तीव्र भ्रमण-विचरण, उसकी शक्ति का बड़ा अंश तो इन्हीं भटकनों, जंगलों में नष्ट हो जाता है। शक्ति का यह व्यर्थ छीजन रोककर उसे सुनिश्चित एवं सार्थक प्रयोजन में केंद्रित करना ही योगाभ्यास है। शक्तियों का यह सही उपयोग जीवन में स्पष्ट और आश्चर्यजनक परिणाम सामने लाता है। पिछड़ेपन के स्थान पर प्रगतिशीलता आ जाती है। दरिद्रता समृध्दि में परिणित हो जाती है। भटकाव की जगह प्रचंड पुरुषार्थ प्रवृत्ति पनपने पर परिस्थतियां अनुकूल बनने लगती हैं और साधन सिचिंत होने लगते हैं। लौकिक सफलताएं भी लक्ष्य केंद्रित पुरुषार्थ का ही परिणाम होती हैं। मन की भटकन रोककर ही उसे लक्ष्योन्मुख बनाया जा सकता है।


सुषुप्त शक्ति केंद्र

यही सधा हुआ मन आत्मिक क्षेत्र में लगाए जाने पर सुषुप्त शक्ति केंद्रों को जाग्रत व क्रियाशील बनाता है और दिव्य क्षमताएं प्रकाश में आती हैं। अंतश्चेतना का परिष्कार सामान्य व्यक्ति को महामानव स्तर पर ले जाकर ही रहता है। प्रगति का संपूर्ण इतिहास मन:शक्ति के पूंजीभूत लक्ष्य केंद्रित पुरुषार्थ की ही यश गाथा है। चंचलता की प्रवृति को पुरुषार्थ की प्रवृत्ति में परिवर्तित करने का पराक्रम ही प्रगति का सार्वभौम आधार रहा है।

मन की दूसरी प्रवृत्ति है- सुख लिप्सा। शारीरिक सुखों के भोग का माध्यम है- इंद्रियां। उनके द्वारा विभिन्न वासनाओं को स्वाद मिलता है। पेट और प्रजनन से संबंधित सुखों के लिये तरह-तरह की चेष्टाओं में मन उलझा रहता है और इन सुखों की प्राप्ति के लिये प्रेरणा ही नहीं देता, बल्कि इनकी मात्रा कल्पनाएं करने में भी बहुत अधिक समय नष्ट करता है। फिर इन भौतिक सुखों के लिये साधन जुटाने में भी मन को जाने कितने ताने-बाने बुनने पड़ते हैं। इंद्रियों की प्रिय वस्तु या व्यक्ति को देखने, सुनने, छूने, सूंघने अथवा स्वाद लेने की लिप्साएं मन को ललक से भर देती हैं और वह उसी दिशा में लगा रहता है। अहंकार की पूर्ति के लिये मन औरों पर प्रभाव डालने हेतु तरह-तरह की चेष्टाएं करता है और व्यक्ति भांति-भांति के ठाट-बाट बनाता है। संचय और स्वामित्य की इच्छाएं भी अनेक विधि प्रयत्नों का कारण बनती हैं। इन सभी इच्छाओं, आकांक्षाओं की प्यास को व्यक्त करने के लिये ही तृष्णा शब्द का प्रयोग होता है। अहं-भावना पर आघात पहुंचते ही प्रतिशोध की उत्तेजना प्रबल हो उठती है। इच्छित विषय पर अपना हक मान लेना और फिर उनके प्राप्त न होने पर या प्राप्ति में बाधा पड़ने पर भड़क उठना भी अहंता पर आघात के ही कारण होता है, यह उत्तेजना ही क्रोध है। काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद आदि संपूर्ण विकार समूह वस्तुत: मन में उठने वाली प्रतिक्रियाएं मात्र हैं, जो भौतिक सुख की लिप्साओं के कारण उठते रहते हैं। लिप्सा की इस ललक की दिशा को उलट देना ही 'तप' है।

सुख मन का विषय है, जबकि आनंद और आत्मसंतोष आत्मा का। सुख लिप्सा का अभ्यस्त मन आनंद के स्वाद को नहीं जान पाता और जिसे जाना ही नहीं, उसके प्रति गहरी स्थायी प्रीति, सच्चा आकर्षण संभव नहीं। आनंद की आकांक्षा विषय लोलुप मन में प्रगाढ़ नहीं होती। उसके लिये तो मन का प्रशिक्षण आवश्यक है। यह प्रशिक्षण प्रक्रिया ही तप है। तपस्वी को कष्ट इसी अर्थ में सहना पड़ता है कि अभ्यस्त सुख का अवसर जाता रहता है। शारीरिक सुख-सुविधाएं सिमटती हैं, मानसिक आमोद-प्रमोद का भी अवकाश नहीं रहता है और आदर्शनिष्ठ आचरण आर्थिक समृध्दि के भी आड़े ही आता है। प्रत्यक्ष तौर पर तो, ऐसे परिणामों के लिये किया जाने वाला प्रयास मूर्खता ही प्रतीत होगा, लेकिन श्रेष्ठ उपलब्धियों का राजमार्ग यही है।

किसान, विद्यार्थी, पहलवान, श्रमिक, व्यवसायी, कलाकार आदि को भी अपनी प्रगति व उपलब्धियों की प्राप्ति के लिये बाल-चंचलता से मन को विरत ही करना पड़ता है। और अपने नीरस प्रयोजनों में ही मन:शक्ति नियोजित करनी पड़ती है। शौक मौज के अभ्यस्त उनके संगी उन लोगों की ऐसी लक्ष्योन्मुख प्रवृत्तियों का मजाक भी उड़ाते हैं, लेकिन सभी जानते हैं कि अंतत: बुध्दिमान और प्रगतिशील ऐसे ही लोगों को माना जाता है, जो चित्त की चपलता को नियंत्रित कर उसे अपने लक्ष्य की ओर ही लगाए रहते हैं। वह कृषि का क्षेत्र हो या शिक्षा का, शरीर सौष्ठव का हो या आर्थिक समृध्दि का, कला-कौशल का हो या वैज्ञानिक आविष्कार का अथवा दार्शनिक चिंतन-मनन का।

दलदल में कंठ तक फंसता हुआ मनुष्य प्रगति पर अग्रसर कैसे हो? पहला प्रयास डूबने की स्थिति से उबरने का होना चाहिये। मन को तृष्णाओं से और शरीर को वासनाओं के गर्त में गिरने से बचाया जाना चाहिये।

सादा जीवन, उच्च विचार

पतन में गिरने से बचाना और ऊंचा उठाने का सुयोग बनना तभी संभव है, जब सांसारिक इच्छाओं की ओर सरपट दौड़ने की आदत बदली जाए और उलटकर उन महत्वाकांक्षाओं के मार्ग पर चला जाए तो महानता के लक्ष्य तक पहुंचाता है।

परिवर्तन की यह संधि वेला आई या नहीं, इसकी एक ही कसौटी है कि औसत भारतीय स्तर का निर्वाह स्वीकार हुआ या नहीं। सादा जीवन उच्च विचार के आदर्श की महत्ता मानी गयी या नहीं। अमीरी का बड़प्पन निरर्थक मानकर महानता का गौरव गले उतरा या नहीं। यदि इतना बन पड़े तो जीवन वस्तुत: नितांत हल्का-फुल्का हो जाएगा। उसकी राई रत्ती जितनी आवश्यक है, तनिक सी सूझ-बूझ और मेहनत के सहारे पूरी होती चलेंगी।

सांसारिक समस्याएं और कठिनाइयां सरलतापूर्वक हल होती चलेंगी। अनसुलझी कोई गुत्थी रहेगी नहीं। जहां संतोष और सादगी का रसास्वादन हुआ नहीं कि वह परिस्थितियां देखते-देखते बदल जाएंगी जो व्यस्त रखती थी और त्रस्त करती थीं। महत्वाकांक्षाएं वही श्रेयस्कर हैं, जो बड़ा नहीं महान बनाएं। महान बनने का एक ही उपाय है कि दृष्टिकोण और कार्यक्रम महान बनाया जाए, उत्कृष्ट चिंतन, आदर्श चरित्र और शालीन व्यवहार, यह तीनों का एक त्रिभुज हैं जो मिलकर महानता की समग्र आकृति बनाते हैं। इन्हीं का समन्वय त्रिवेणी संगम बनाता है।

Sunday, May 20, 2012

महिलाएं और मानसिक तनाव

मानव की भागती-दौड़ती जिन्दगी का एक प्रमुख हिस्सा बन गया है तनाव। यों तो मानसिक तनाव के अनेक कारण है परन्तु आंकड़ों से विदित होता है कि पुरुषों की अपेक्षा महिलाएं तनाव से अधिक ग्रसित होती हैं।

महिलाएं स्वभाव से ही संवेदनशील होती हैं अत: छोटी-छोटी बातों से भी वे प्रभावित हो जाती हैं। घरेलू महिलाओं की तुलना में नौकरीपेशा महिलाओं में तनाव की तीव्रता अधिक रहती है। इसका कारण यह है कि उन पर घर-बाहर दोनों का उत्तरदायित्व रहता है।

वे अपने मन पर हमेशा एक न एक बोझ लिए रहती हैं। नौकरी पर जाने से पहले घर पर पति व बच्चों तथा घर की सारी जिम्मेदारी पूरी करनी होती है, परिवार के सब सदस्यों का पूरा ख्याल रखना पड़ता है।

ऑफिस में समय पर पहुंचने की जल्दी, अपने कार्य को पुरुषों के समान ही कुशलता से कर पाने की चुनौती, वक्त पर घर आना, घर-गृहस्थी में कहीं दरार न आने देना, कुशल गृहिणी कार् कत्तव्य पालन करते हुए अतिरिक्त आय घर में लाना, रिश्तेदारों मेहमानों की जिम्मेदारी निभाना आदि सभी दायित्वों को निभाना पड़ता है, हालांकि उन्हें भी कामकाज का तनाव, बच्चों के होमवर्क का तनाव, मेहमानों, रिश्तेदारों, पड़ोसियों का तनाव भी कम नहीं रहता।

दूसरों की सुख समृध्दि को देखकर कुढ़ना, दूसरों के दोषों को देखना,र् ईष्या आदि भी मानसिक तनाव में रहने वाली महिलाएं अनिद्रा, सिरदर्द, दिल की धड़कन, मधुमेह जैसे रोगों में फंसकर अपने स्वास्थ्य को बर्बाद करती है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि आठ घंटे शारीरिक श्रम से उतनी शक्ति नष्ट नहीं होती जितनी आधा घंटा तनाव या उद्वेग से होती है अत: स्वस्थ और निरोग रहने के लिए मन को तनावमुक्त रख हंसने-हंसाने की आदत डालनी चाहिए। चित्त को संतुष्ट व प्रसन्न रखें। रोजमर्रा के जीवन में परेशानियां हर किसी को आती हैं, लेकिन उनसे विचलित नहीं होना चाहिए।

Thursday, April 12, 2012

बच्चों के तनाव को पहचानें

तनाव एक ऐसा धुन है जो बच्चों को भी नहीं छोड़ता। वे भी उसकी चपेट में अनजाने में आ जाते हैं। पहले तो 10 साल तक के बच्चे मस्त खेलते कूदते रहते थे, अपने बचपन का पूरा आनन्द उठाते थे पर आज के युग में बच्चा दो वर्ष का होता है तो माता-पिता उन्हें हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में रोजमर्रा में प्रयोग होने वाले शब्दों का उच्चारण सिखाना शुरू कर देते हैं। बच्चा उसी उम्र से ही तनाव में आना शुरू हो जाता है।
उसके बाद स्कूल जाना, वहां अनुशासन में रहना, कई मित्रों के साथ उठना बैठना व रंगों की पहचान सीखना शुरू कर देता है। न आने पर उसे यह भय सताता है कि मुझे मार या डांट न पड़ जाये। उस तनाव से बहुत बार बच्चा कनफ्यूज हो जाता है और भूल जाता है।
माता-पिता को चाहिये कि बच्चा यदि थका थका सहमा रहे या बार-बार सिरदर्द, पेटदर्द की शिकायत करे तो उसे आवश्यकता है प्यार की और उसके साथ अच्छा समय बिताने की। बच्चे में कुछ ऐसे लक्षण दिखाई दें तो माता-पिता को उनकी तह तक जाना चाहिये और वातावरण को बोझिल न बना कर हल्का और खुशनुमा बनाने का प्रयास करना चाहिये। ध्यान रखें कि जब कभी निम्नलिखित लक्षणों में से कुछ लक्षण छोटे बच्चों में दिखाई दें तो हो सकता है कि बच्चा कुछ कारणों से तनावग्रस्त हो।
. थका थका रहना।
. जल्दी जल्दी बीमार पड़ना।
. चिड़चिड़ा बन छोटी-छोटी बात पर रोते रहना।
. अक्सर सिरदर्द और पेटदर्द की शिकायत करना।
. कम नींद लेना।
. भूख अधिक या कम लगना।
. बेचैन रहना, ध्यान का न लगना।
. स्कूल जाने में आनाकानी करना।
. खाने में नखरे करना और खाने के बाद उल्टी कर देना।
. नाखून चबाना, बात बात पर झल्लाना।
. दूसरे बच्चों और परिवार के लोगों के साथ मिक्स अप न होना।
. अपने खिलौनों को दूसरे के साथ मिलकर न खेलना या स्वयं भी उनसे न खेलना।
. दूसरों के सामने अधिक तंग करना या दूसरों से बात न करने देना।
. बहुत छोटा बच्चा बनकर व्यवहार करना।
ऐसा महसूस होने पर बच्चे पर विशेष ध्यान देना चाहिये और बाल रोग विशेषज्ञ से मिलकर परामर्श लें। माता-पिता को ऐसे में घर के वातावरण को खुशनुमा बनाना चाहिये और बच्चे से बैठकर खेल-खेल में उसके तनाव के बारे में जानकारी लेनी चाहिये। यदि किसी प्रकार का डर बच्चे में हो तो उसे दूर करने का पूरा प्रयास करना चाहिये। माता-पिता को अपना तनाव बच्चों के सामने प्रदर्शित नहीं करना चाहिये। बच्चे को उचित आहार दें और उचित आराम का ध्यान रखें। कुछ समय बच्चों के साथ बच्चे बनकर खेलें। अन्य बच्चों को बुलाकर उनकी दोस्ती करवाएं और खाने तथा खेलने की चीजों को मिल बांट कर खाना व खेलना सिखाएं।
बच्चों की जिज्ञासा को शांत करने का प्रयास करें। उन्हें एकदम टोक कर चुप न करवायें। बच्चों को खाली समय में अपनी इच्छा से खेलने दें या एकआध टी.वी. सीरियल देखने दें पर ध्यान रखते रहें कि खाली समय में बच्चा कुछ गलत आदत तो नहीं सीख रहा। मात्र नजर रखें, बच्चों पर हावी न हों।
असफलता का भय बच्चों के मन में न उपजने दें। बच्चों को सकारात्मक सोच दें ताकि बच्चे के मानसिक विकास पर कोई बुरा प्रभाव न पड़े।
छोटे बहन-भाइयों के प्रति उनमें प्यार उत्पन्न करवाएं और जिम्मेदारी की भावना जागृत करें। बड़े भाइयों के प्रति सम्मान करना सिखाएं। बच्चों पर अधिक दबाव न डालें, न ही समयबध्द कार्यक्रम में उन्हें बांधें। खाली समय में आउटडोर गेम्स के प्रति बच्चों को उत्साहित करें। टी.वी. कम्प्यूटर पर कंट्रोल रखें नहीं तो बच्चे घरघुस्सु बन कर रह जाते हैं। दूसरों के बीच तालमेल बनाना सिखाएं। इस प्रकार माता-पिता बच्चों के तनाव को दूर करने में सहायता कर सकते हैं।

Thursday, March 29, 2012

चिंता छोड़ें - आनन्द से जिएं!

वैज्ञानिक बताते हैं कि यदि प्रसन्न, चिंता मुक्त और प्रफुल्ल रहना चाहते हैं तो भूलना सीखें। व्यर्थ की बातें दिमाग से बाहर फैंक दें अच्छी लाभदायक बातें दिमाग में रखें तो कुछ हद तक चिंता, टैंशन से निजात पायी जा सकती है। कुछ सूत्र याद रखें-
- चिंता एक प्रकार की कायरता है- जो किसी भी परिस्थिति की सम्भावना के काल्पनिक डर के कारण अकारण ही पैदा हो जाती है और हमें विचलित कर देती है। चिंताग्रस्त मानसिक अवस्था लेकर सोने से चैन की नींद कोसों दूर भाग जाती है।
- हम प्रकृति के विरुध्द नहीं जा सकते-जो होता है उसे होने दें- उसके सहभागी बनें और समभाव रहें! हम चिंता करके किसी भी परिस्थिति को रोक या बदल नहीं सकते। आज की आज और कल की कल देखेंगे, की आदत बनाएं।
- अक्सर हम कल्पनाओं के कारण चिंतित हो जाते हैं। बच्चा बाहर से घर आने में लेट हो जाए तो हम वो अनजानी अनहोनी कल्पनाएं करने लगते हैं जो कभी सम्भव नहीं हो सकती। लड़की कालेज से घर में आने में देरी कर दें तो मन में उल्टी सीधी भावनाएं जागृत होने लगती हैं जिससे मानसिक कुण्ठा, ग्लानि चिंता-डिप्रेशन होने लगता है। इससे बचना चाहिए। बच्चों को कहा जाए कि यदि कहीं कारणवश देर हो जाए तो फोन या मोबाइल पर घर में इन्फार्म कर दें।
- अक्सर जिस काम की फिक्र होती है बार-बार उसी बात का जिक्र किया जाता है। चिंता ऐसी भट्ठी है जो जीवित को जलाती है जबकि चिंता मृत्यु उपरान्त जलाती है। चिंता दहति निर्जीव को चिंता जीव समेत। अक्सर चिंता फिक्र में अवसाद (डिप्रेशन) हो जाता है। व्यक्ति सूख कर कांटा हो जाता है। हमें यह जान लेना चाहिए कि यदि चिंता का इलाज है तो चिंता क्यों करें। यदि ला-इलाज है तो चिंता क्यों करें। जिसका कोई इलाज ही नहीं- उसे सहन और वहन करना पड़ता है- मुश्किल बात यह है कि हमारी सबसे बड़ी मुसीबतें वे हैं जो हम पर कभी आती ही नहीं। यह बात जान लेनी चाहिए कि जब तक पुल रास्ते में न आए तब तक उसे पार करने की चिंता नहीं करनी चाहिए- जब तक हमें कष्ट नहीं आता तब तक कष्ट को भी नष्ट नहीं देना चाहिए।
- कई लोग बहुत छोटी-छोटी बातों को लेकर चिंतित हो उठते हैं। राई का पहाड़ तो सब बना लेते हैं मजा तो तब है जब आप पहाड़ की राई बना डालें। सदा आशावादी बनना चाहिए- निराशावादी विचार हमें चिंताग्रस्त कर देते हैं। जैसे को तैसा करके परेशानियों में वृध्दि न करें। उसे क्षमा करके अपने आप को भी चिंता मुक्त करने की क्षमता बनाएं।
- बीती ताहि बिसारिये, आगे की सुध ले। आज की परिधि में रहें- कल की बात पुरानी, छोड़ों कल का बातें, यही जीवन का नियम है।
- हर रोज एक नयी जिन्दगी की शुरुआत करनी चाहिए- प्रतिदिन ऐसे जिएं की आज ही जीना है। पूरे दिन का सुन्दर और अच्छा कार्यक्रम बनाये। किसी सम्भावित परिस्थिति के लिए अपने आपको पूर्णतः तैयार रखें। दो-तीन दिन में जो होना होता है, हो ही जाता है। उसके बाद जीवन यथावत चलने लगता है। अपनी पूरी श्रध्दा से अच्छे से अच्छा कार्य करें। यह कभी हो नहीं सकता कि सद्कर्म का फल कड़वा हो, मीठा होगा।
- चिन्ता मुक्त जीना सचमुच एक कला है। जीने का आकांक्षा एवं उत्कण्ठा है, जो चिन्ताओं को अपने मस्तिष्क से दूर रखता है वह अवश्य ही दीर्घजीवी होता है। वह अपने शरीर का स्वतः काया कल्प कर लेता है। ईश्वर ने हमें चिंता मुक्त जीवन जीने के लिए भेजा है। वैसे ही जिएं।

Sunday, March 11, 2012

तनाव! रोग नहीं मनोरोग भी है

सुबह जल्दी उठना और रात देर से सोना। काम के चलते घंटों घंटों परेशान रहना। कई रात बिना सोए गुजार देना। दिन भर कंप्यूटर के सामने बैठे-बैठे नये-नये आइडियाज सोचना। खाते वक्त तमाम सवालों के हल खोजना। अपने प्रतिस्पर्धा को मात देने के उपाय सोचना। कहने का मतलब यह है कि 7 दिन 24 घंटे तनाव हमें घेरे रहता है। इस तरह देखा जाए तो तनाव से निजात पाने का हमारे पास कोई सटीक उपाय नहीं है। क्योंकि ऐसा नहीं है कि हम महज अपने काम के चलते परेशान रहते हैं। कभी काम के चलते परेशान रहना तो कभी पारिवारिक और भावनात्मक तनाव भी हमें घेर लेता है जिसका सीध-सीधा असर हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है।
लेकिन कुछ लोग बेवजह भी तनावग्रस्त रहते हैं। असल में उनके पास तनाव की कोई ठोस वजह नहीं होती। विशेषज्ञों की मानें तो ऐसे लोग दूसरों को भी परेशान करते हैं और खुद भी हमेशा परेशान रहते हैं। दरअसल ऐसे लोगों के लिये तनाव रोग से ज्यादा मनोरोग होता है। उन्हें दूसरों के काम में खराबी नजर आती है, दूसरों का बातचीत का तौर तरीका पसंद नहीं आता, दूसरों की अच्छी चीजों में भी नुक्स निकालना ये बखूबी जानते हैं। वास्तव में ऐसे लोगर् ईष्यालू होते हैं। दूसरों से बेवजह जलन, दूसरों की सफलता से नाखुश होना, इनकी आदत का अभिन्न हिस्सा है। यही वजह है कि ये लोग चौबीसों घंटे तनाव में रहते हैं और इसका सीधा-सीधा प्रभाव उनकी सेहत पर दिखायी देता है।
अब 24 वर्षीय वीना को ही लें। कुछ ही दिनों में उसकी शादी गौतम से होने वाली है। गौतम एक मेहनत पंसद युवक है। दिल खोलकर अजनबियों से बात करना, नये-नये प्रयोग करना, उपन्यास पढ़ना उसके शौक हैं। वीना को उसकी इनमें से एक भी चीज पसंद नहीं है। गौतम का किताबें पढ़ना उसे रास नहीं आता, जबनबियों से क्यों बात करता है, इस पर भी उसे शिकायत है। यहां तक कि दफ्तर में अपने सहकर्मियों से हंस बोलकर क्यों बात करता है, अपने से निचले दर्जे के सहकर्मियों के साथ खाना क्यों खाता है? ये सारी बातें भी वीना के लिये तनाव का कारण है।
मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसे लोगों को तनाव में रहना अच्छा लगता है इसलिये हर छोटी सी छोटी चीज में तनाव ढूंढ़ लेते हैं। जबकि खुश होने के लिये इन्हें बड़ी-बड़ी खुशी भी छोटी लगती है। वास्तव में कहा जा सकता है कि ऐसे लोगों में आत्मविश्वास की बहुत कमी होती है जिस कारण वे दूसरों को भी डराने से बाज नहीं आते। उन्हें लगता है कि वे जो भी करेंगे, उसमें सफतला हासिल नहीं कर पायेंगे। इसलिये अगर कोई इनसे कोई सलाह मश्विरा करे तो उसमें 60 फीसदी से ज्यादा नकारात्मक बातें ही नजर आती हैं।
विज्ञान की दृष्टि से देखा जाए तो जो लोग नकारात्मक सोच से घिरे रहते हैं, हर चीज में तनावग्रस्त हो जाते हैं, आत्मविश्वास खो बैठते हैं। ऐसे लोगों को स्वास्थ्य कभी भी बेहतर नहीं होता। इसके उलट तनाव से होने वाले तमाम रोग इनमें नजर आते हैं। ऐसे लोग या तो बहुत ज्यादा मोटे होते हैं या फिर बहुत ज्यादा पतले और कमजोर होते हैं। इन दिनों तनाव भारत ही नहीं पूरी दुनिया में तेजी से घर कर रही बड़ी स्वास्थ्य समस्या है। एक स्वास्थ्य रिपोर्ट के मुताबिक अब पूरी दुनिया में लगभग 60 करोड़ से ज्यादा लोग मानसिक रोगों के शिकार हैं। तनाव उनमें से प्रमुख समस्या है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी कुछ वर्षों पहले अपनी एक वार्षिक रिपोर्ट में मानसिक तनाव व इससे जुड़ी परेशानियों पर केन्द्रित करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि मानसिक तनाव व अन्य मानसिक पेरशानियों पर काबू नहीं पाया गया तो शारीरिक बीमारियों की स्थिति बेकाबू हो जाएगी। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने यह भी माना कि तनाव की वजह से लोगों में शराब और सिगरेट की लत भी बढ़ रही है जिससे अलग प्रकार की स्वास्थ्य समस्या खड़ी हो रही है।
हालांकि इसमें कोई दो राय नहीं है कि तनाव की कई वजहे हैं। खासतौर पर विकासशील देशों में तनाव ने लोगों को अपने चंगुल में जकड़ रखा है जहां से निकल पाना संभव नहीं है। खासतौर पर भारत की बात करें तो यहां के आंकड़े साल दर साल चौंकाने की हद तक बढ़ते जा रहे हैं। माना जा रहा है कि हमारे यहां हर व्यक्ति किसी न किसी रूप में तनावग्रस्त है। मनोरोग विशेषज्ञों के अनुसार शारीरिक इलाज के लिए आने वाले रोगियों में 60 से 65 प्रतिशत मानसिक तनाव के कारण शारीरिक रोग का शिकार होते हैं।
तनाव के कई कारण हैं। असफलता, नुकसान, आर्थिक या सामाजिक असफलता, काम का अत्याधिक दबाव, डर, असंयमित जीवनशैलीक्षमता व योग्यता से ज्यादा चाह लेकिन तनाव स्वयं ही कई गंभीर बीमारियों का कारण है। दमा, पेप्टिक अल्सर, आंतों में जख्म, खूनी मरोड़, दाद एक्जिमा ब्लड प्रेशर, घबराहट, दिल की बीमारी, किडनी के रोग, ब्रेन ट्यूमर, हकलाहट, नपुंसकता, नींद न आना आदि रोग तनाव की वजह से भी होते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि जो लोग बिना वजह तनावग्रस्त होते हैं, वे किस हद तक बीमारियों का घर बने हुए होते हैं। भयावह स्थिति यह है कि ऐसे लोग अपने साथ-साथ दूसरों को भी तनावग्रस्त कर देते हैं।
सवाल है ऐसे में क्या किया जाना चाहिए? सबसे पहली बात तो यह ध्यान रखें कि नेगेटिव एनर्जी वालों से खासी दूरी बना लें। क्योंकि बेवजह तनावग्रस्त रहने वाले लोग हमेशा खुद को सही और दूसरों को गलत मानते हैं। जबकि खुद किसी नई चीज की पहल करने में अक्षम होते हैं। अतः ऐसे लोगों से दूर रहे हैं। बहरहाल अगर आप भी तनावग्रस्त हैं तो यह जानने की कोशिश करें कि तनाव क्यों है? यदि काम से सम्बंधित तनाव है तो जल्द से जल्द उसका हल तलाशें। यदि संभव न हो रहा है बाहर घूमना फिरना, दोस्तों के साथ हैंगआउट करना, फिल्म देखना, गाने सुनना, अपने शौक पूरे करना आदि तनाव से राहत दिला सकने में मददगार साबित होते हैं। यही नहीं इनसे हमें खुशी भी मिलती है जो कि परेशानियों का बेजोड़ इलाज होता है।

Saturday, February 11, 2012

आत्म विकास और नैतिकता

आदर्श आचरण की अवधारणा ही नैतिकता है। शब्दकोष में नैतिकता का अर्थ है सदाचार एवं आदर्श जीवन पध्दति। नैतिकतापूर्ण जीवन का संकल्प लेने वाला स्वत: जीवन में सहज, सुख शांति के मार्ग पर अग्रसर होता है। इसी प्रकार अनैतिक आचरण जीवन के उच्चतम आदर्शों से पतन का कारण बनता है। सत्य प्रेम, न्याय तथा शांति को ध्येय मानकर चलने वाले व्यक्ति की नैतिकता ही आदर्श नैतिकता कही जा सकती है। श्रेष्ठ का स्वीकार और अधम के त्याग की भावना ही हमें लक्ष्य तक पहुंचा सकती है।
नैतिकता के अनेक आयाम हो सकत हैं- व्यक्तिगत, पारिवारिक, सामाजिक एवं राजनैतिक। नैतिकता का रूप बदल सकता है। अनुपयोगी, जर्जर मूल्यों, मानदंडों के स्थान पर नवीन उपयोगी मूल्य स्थापित होते रहते हैं।
भारतीय परिवेश में नैतिकता धर्म से जुड़ी हुई है किन्तु आधुनिक जीवन में समाज के लिये कैसी नैतिकता चाहिये? इस पर लोगों के अलग-अलग विचार होंगे, पर जीवन में परस्पर प्रेम, सौहार्द्र, समन्वय तथा सामंजस्य की स्वीकृति प्रमुख रूप से सदा ही होती रही है।
नैतिकता की राह हमें निश्चय ही आत्मविकास, आत्मशोधन की मंजिल की ओर ले जाती है। जीवन के चरमलक्ष्य को पाने के लिये अन्य कोई मार्ग नहीं है। इसी से हर युग में ऋषियों ने नीति एवं नैतिकता को अनेक रूपों में परिभाषित कर समझाया है, ताकि सहज ही जीवन के इन उच्चतम मूल्यों को समाज में उचित स्थान मिलता रहे और जीवन पतन से बचता रहे।
भारतीय साहित्य नैतिकता के आख्यानों का भंडार है साथ ही समस्त संसार में मानव समाज ने जीवन के आदर्श मूल्यों को स्वीकृति दी है।
आत्म ज्ञान तथा आत्म विकास के लिये संकल्प लेने वाला कभी अपने आदर्श की अवहेलना नहीं करता, प्रत्युत जीवन के पल-पल का उपयोग कर वह उससे सुअवसर का लाभ उठाता रहता है, क्योंकि बिना नैतिक आचरण के आत्मविकास संभव ही नहीं है तो बिना आत्म ज्ञान, अभ्युदय के सुख तथा शांति की कल्पना भी व्यर्थ है। अस्तु मानव जीवन के अनमोल संयोग सुअवसर के सावधानी से लक्ष्य पर केंद्रित करके ही आत्मोन्नति के शिखर चढ़े जा सकते हैं। जीवन का यह परम सदुपयोग होगा। नैतिकता अवधारणा को उच्च आचरण-व्यवहार में लाकर ही उसकी उपलब्धि की अनुभूति संभव है। आचार संबंधी बातें, व्याख्यानों में तो होती ही रहती हैं।
अच्छे पथ पर अनुसरण तथा गलत रास्ते का त्याग जीवन की प्रथम शिक्षा का मूलमंत्र रहा है। माता-पिता एवं गुरु को देवता समान आदन देने की शिक्षा, नैतिकता की प्रारंभिक सीख है। बचपन के मन में डाले गये संस्कार के बीज फूलन-फलने पर मीठे फल ही देते हैं।
आधुनिक समय की भाग दौड़ और व्यस्तता में नैतिक मूल्यों की बातें सुनने का अवकाश कहां? किन्तु हमारे जीवन में जो इन मूल्यों की धरोहर है उसे नष्ट होने देना ठीक नहीं है, इसीलिए सावधानी से उच्च विचारों, आदर्शों को आचरित करते रहने से ही वे जीवित रह सकते हैं। इससे हम निरंतर अंधकार से आलोक की ओर बढ़ने का मार्ग पायेंगे।
जो जीवन में उत्तम लक्ष्य चुनता है, गलत आदतों के प्रति उदासीन रहता है, सत्य-प्रेम के मार्ग को नहीं छोड़ता उसे कोई भय नहीं रहता और वह अपने लक्ष्य से कभी भटकता नहीं।
नैतिकता का दर्शन आत्म ज्ञान का दर्शन है। इसकी अवधारणायें अनेक हैं किन्तु असल बात है नैतिकतापूर्ण मूल्यों को जीवन में उतारना। मनुष्य को अपने विवेक के अनुसार उच्च लक्ष्यों की प्राप्ति का अवसर गंवाना नहीं चाहिये। सद्गति के लिये तो यही पथ है।

नर्सरी शिशुओं में तनाव बढ़ाता

कामकाजी महिला एवं व्यस्त गृहिणी शिशु को 2 वर्ष का होने के बाद नर्सरी में भेजकर उसके आगामी भविष्य के लिए निश्चित हो जाता है। यह एक आम धारणा है कि शिशु को जल्द ही नर्सरी भेज देने से वह आगामी दिनों की चुनौतियों एवं प्रतिस्पध्र्दा के लिए जल्द ही सीखकर तैयार हो जाता है किन्तु शिशु को जल्द ही नर्सरी भेजना उसके स्वास्थ्य के जोखिम को बढ़ा सकता है। नर्सरी में उपस्थित सभी बच्चों का शरीर, ताकत एवं बौध्दिक स्तर एक जैसा नहीं होता। यही निबल बच्चों का तनाव बढ़ाता है। वे मां की छाया के अभाव में दुःखी एवं उदास रहने लगते हैं। उन्हें संक्रमण होने का खतरा बढ़ जाता है। यह सब उसके दिल के खतरों को बढ़ाता है। अतएव यदि संभव हो तो शिशु को अत्यन्त कम उम्र में नर्सरी न भेजें। नर्सरी की सुविधा साफ-सफाई एवं वहां के बच्चों को इत्मीनान से देखकर ही शिशु को नर्सरी भेजिए। घर वापसी में उसके चेहरे एवं भाव को परखिए। यह रायल सोसाइटी के अध्ययन का निष्कर्ष है।